गाज़ियाबाद: ‘बाबा’ कहकर चिढ़ाने से नाराज युवक ने की हत्या, निवाड़ी पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार को ग्राम पूठरी निवासी निर्दोष कुमार ने थाना निवाड़ी में शिकायत दर्ज कराई कि उनके 21 वर्षीय पुत्र तरुण उर्फ नमित की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया गया हैं। शिकायत के आधार पर थाना निवाड़ी में बीएनएस की धारा 103(1) एवं 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए निरांचल उर्फ मंत्री (23 वर्ष), निवासी ग्राम पूठरी, थाना निवाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दरांती और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

शुरुआती जांच में डीसीपी ग्रामीण ने क्या कहा था

घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया था कि थाना निवाड़ी क्षेत्र के अंतर्गत पूठरी के जंगल में एक युवक का शव मिला हैं, जिसकी पहचान तरुण के रूप में हुई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली कि वह शाम करीब 5 बजे घर से घूमने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसका शव जंगल में मिला। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही हैं तथा घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था तथा जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित हुई।

पूछताछ में कबूला हत्या का कारण

कार्यवाहक एसीपी मसूरी/मोदीनगर अजय कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पूजा-पाठ में अधिक समय देता था, जिसके कारण मृतक तरुण और उसके साथी उसे “बाबा” कहकर चिढ़ाते और परेशान करते थे। आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन जब वह गांव से निवाड़ी की ओर जा रहा था, तभी जंगल के रास्ते में उसकी मुलाकात तरुण से हुई। बातचीत के दौरान भी तरुण कथित रूप से उसे चिढ़ाने लगा। इससे गुस्साए आरोपी ने दरांती से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। तरुण के गिरने के बाद आरोपी उसे घसीटकर गन्ने के खेत में ले गया, जहां उसने दोबारा दरांती से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक की बोरी से ढककर छिपा दिया।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, आरोपी निरांचल उर्फ मंत्री के खिलाफ निवाड़ी थाने में इस हत्या के मामले के अलावा मारपीट का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी हैं तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें