![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना लोनी पुलिस ने तसलीम उर्फ चीनी हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त छुरा तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को वादी द्वारा थाना लोनी में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि फैसल, शेरुद्दीन, आमिर और आयान निवासी अशोक विहार ने उसके पुत्र तसलीम उर्फ चीनी की हत्या कर दी हैं। शिकायत के आधार पर थाना लोनी में धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की। जांच के दौरान साबिर पुत्र नवाब निवासी अशोक विहार तथा आमीन पुत्र मोहम्मद नफीस उर्फ भूरे निवासी जैन कॉलोनी, अशोक विहार के नाम भी प्रकाश में आए। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर थाना लोनी पुलिस ने दोनों आरोपियों साबिर और आमीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त छुरा और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। मामले में अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पूछताछ में आरोपी साबिर ने खुलासा किया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मृतक तसलीम उर्फ चीनी और उसके साथी रिहान पर उसके भाई यूनुस की हत्या का आरोप था। उस मामले में उसका रिश्तेदार शेरुद्दीन गवाह था। आरोपी के अनुसार मृतक लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर धमकी देता था और गवाही न देने का दबाव बना रहा था। इसी रंजिश के चलते 10 जून 2026 को उसने अपने साथी आमीन के साथ मिलकर तसलीम की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








