||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
![]()
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में संचालित “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत थाना टीला मोड़ क्षेत्र में अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न कराया गया। अभियान में थाना टीला मोड़ के प्रभारी निरीक्षक, समस्त चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल ने क्षेत्र में सक्रिय होकर विभिन्न श्रेणी के अपराधियों का सत्यापन किया। पुलिस टीमों ने हिस्ट्रीशीटरों, लूट, स्नैचिंग तथा अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्तियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर उनके वर्तमान पते, गतिविधियों, रोजगार एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच की।
![]()
पुलिस अधिकारियों ने पूर्व में शरीर एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल रहे अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं स्थानों की भी गहन चेकिंग की गई ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। विशेष सत्यापन अभियान के अंतर्गत कुल 40 अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान सभी संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने, कानून का पालन करने तथा क्षेत्र में भय अथवा असुरक्षा का माहौल उत्पन्न न करने की चेतावनी दी गई।
![]()
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई भी सत्यापित अपराधी किसी आपराधिक या अवैध गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार थाना टीला मोड़ पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अपराधियों की निगरानी, सत्यापन और अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








