
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के दिशा-निर्देशों के तहत सड़क दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग में पारदर्शिता और प्रभावशीलता लाने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात के निकट पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुई।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य Integrated Road Accident Database (iRAD) ऐप के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं का शत-प्रतिशत, सटीक एवं ऑनलाइन विवरण दर्ज करना था। कार्यशाला में NIC के डिस्ट्रिक्ट रोल आउट मैनेजर एस.बी. तिवारी द्वारा कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के तीनों जोन के सभी थानों से चयनित 10-10 उपनिरीक्षकगण एवं प्रत्येक थाने के कम्प्यूटर ऑपरेटरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
iRAD ऐप के मुख्य उद्देश्य: • सड़क दुर्घटनाओं का ऑनलाइन, गुणवत्तापूर्ण विवरण संकलित करना • दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान करना • परिवहन, लोक निर्माण विभाग एवं NHAI जैसे विभागों के सहयोग से ब्लैक स्पॉट का चिन्हीकरण • सड़क सुरक्षा से जुड़े सुझावों (रेड लाइट, स्पीड ब्रेकर आदि) के माध्यम से सुधार • दुर्घटनाओं के विश्लेषण के आधार पर प्रभावी रोकथाम की दिशा में काम करना।
प्रशिक्षण के उपरांत उपनिरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर iRAD ऐप में निर्धारित फॉर्मेट के अनुसार पूरी जानकारी दर्ज करें। वहीं, कम्प्यूटर ऑपरेटरों को संबंधित विवेचकों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध और पूर्ण डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिन विवेचकों की आईडी अभी तक iRAD प्लेटफॉर्म पर नहीं बनी है, उन्हें तीन दिवस के भीतर आईडी बनवाने एवं अपूर्ण विवरणों को इसी माह के भीतर पूर्ण करने का भी निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात भी उपस्थित रहे। कार्यशाला के अंत में यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में इस तरह की प्रशिक्षण कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु गंभीर और प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









