


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में गाज़ियाबाद ग्रामीण जोन के थाना मुरादनगर क्षेत्र में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा बस अड्डा पड़ाव से शुरू होकर कस्बा रोड होते हुए ओलंपिक तिराहे पर पहुंची और वहां से रावली रोड स्थित चुंगी नंबर तीन तक निकाली गई।
इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ जैसे नारे गूंजते रहे। भारत माता की भव्य महाआरती भी ओलंपिक तिराहे पर आयोजित की गई। इसके साथ ही देशभक्ति गीत गाए गए और ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। लोगों ने पुष्प वर्षा कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह यात्रा हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष आयुष त्यागी के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें झंडा लहराते हुए पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से थाना मुरादनगर प्रभारी शैलेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन कैमरों से भी पूरे मार्ग की निगरानी की गई। पुलिस ने यात्रा मार्ग पर आने वाले अतिक्रमण को भी हटवाया और पूरी यात्रा को सकुशल संपन्न कराया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









