कांवड़ यात्रा-2026: एसीपी लोनी रामकिशन राना ने कोतवाली लोनी व ट्रॉनिका सिटी थाना स्टाफ के साथ की समीक्षा बैठक, बंथला फाटक पर स्थानीय लोगों संग की रणनीतिक बैठक, कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसीपी लोनी रामकिशन राना ने रविवार को कोतवाली लोनी एवं थाना ट्रॉनिका सिटी के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अलग-अलग समीक्षा बैठक आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं लंबित पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एसीपी ने आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निष्पादन, विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एसीपी रामकिशन राना ने विभाग की सकारात्मक छवि बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यक्तिगत आचरण, अनुशासन तथा जनता के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ही जनता के बीच विभाग की विश्वसनीयता और सकारात्मक छवि को मजबूत करता हैं।

बैठकों के उपरांत एसीपी रामकिशन राना ने कोतवाली लोनी एवं थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र से होकर गुजरने वाले कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज, पुलिस तैनाती तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को शीघ्र दूर कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में एसीपी लोनी ने बंथला फाटक स्थित कांवड़ मार्ग पर स्थानीय लोगों, कांवड़ सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के साथ रणनीतिक बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा जनसहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसीपी ने सभी से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि उसका समय रहते समाधान कराया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर चिन्हित कमियों को तत्काल दूर कराया जाए तथा सभी व्यवस्थाएं यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।

एसीपी ने कहा कि पुलिस और आमजन के समन्वय से ही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सफल बनाया जा सकता हैं। एसीपी रामकिशन राना ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में जुटी हैं तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें