परिवहन विभाग का सघन प्रवर्तन अभियान, चार जिलों में 179 वाहनों पर कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने गाज़ियाबाद मंडल में विशेष प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा ने किया। सोमवार को चलाए गए इस अभियान के तहत गाज़ियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और हापुड़ जनपदों में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, प्रमुख मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। जांच के दौरान बिना वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), कर बकाया, क्षमता से अधिक सवारी, ओवरलोडिंग, अनधिकृत यात्री परिवहन तथा अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन करने वाले कुल 179 वाहनों के विरुद्ध चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। परिवहन विभाग की टीमों ने लोगों से सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन के सभी दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील की। सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था परिवहन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध इसी प्रकार सघन एवं प्रभावी प्रवर्तन अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। साथ ही वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की कि वे मोटरयान अधिनियम एवं यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें