![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए 15 दिनों के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में ऑल इंडिया मैन्युफैक्चरर्स ऑर्गेनाइजेशन (यूपी स्टेट बोर्ड) के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल सहित उद्योग प्रतिनिधियों ने बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान उद्यमियों को कई व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता हैं। उन्होंने सीपीसीबी की नियमावली, मानकों और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित करने की मांग की।
![]()
मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सीपीसीबी और सीएक्यूएम (CAQM) के अधिकारियों के समन्वय से जल्द कार्यशाला आयोजित कराई जाए, ताकि उद्यमियों को पर्यावरणीय मानकों और नियमों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। साथ ही सहायक पर्यावरण अधिकारी को सभी आवश्यक नियम, मानक और एसओपी औद्योगिक संगठनों तक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में इंद्रप्रस्थ योजना पॉकेट-बी में मिट्टी भराव एवं कूड़ा उठान का कार्य शीघ्र पूरा कराने के लिए गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया गया। वहीं 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पावी पुस्ता पर जलभराव एवं नाले के नीचे दबी विद्युत केबलों के स्थानांतरण के संबंध में एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि दो सप्ताह के भीतर कार्य का एस्टीमेट स्वीकृत होने की संभावना हैं। साइट-4 साहिबाबाद स्थित यूपीसीडा पार्क पर अवैध कब्जे के मामले में मुख्य विकास अधिकारी ने एसडीएम सदर को दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी, लोनी में लंबे समय से लंबित फायर स्टेशन निर्माण के लिए निर्माण स्थल से कूड़ा हटाने का कार्य 15 दिनों में पूरा कर तत्काल निर्माण शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई।
![]()
इस पर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर विद्युत व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मुरादनगर में प्रस्तावित फायर स्टेशन के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण संबंधी प्रकरण में मुख्य अग्निशमन अधिकारी को एसडीएम मोदीनगर एवं नगर पालिका परिषद मुरादनगर के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए प्रत्येक बिंदु पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उद्यमियों की समस्याओं का प्रभावी एवं त्वरित समाधान किया जा सके।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









