![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाज़ियाबाद ने बुधवार को पुलिस कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण तथा आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न अभियानों और अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात, समस्त जोनल पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, सभी सहायक पुलिस आयुक्त (सर्किल) एवं सहायक पुलिस आयुक्त प्रज्ञान उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान यक्ष एप पर अपराधियों की फीडिंग, मालों के निस्तारण, ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत की गई कार्रवाई, सीसीएमएस पोर्टल पर दर्ज कार्यवाहियों, संपत्ति एवं शरीर संबंधी अपराधों के तुलनात्मक आंकड़ों, संपत्ति संबंधी मामलों के अनावरण और बरामदगी, निरोधात्मक कार्रवाई, महत्वपूर्ण अधिनियमों के तहत हुई कार्रवाई तथा मिशन शक्ति केंद्रों पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा आगामी मोहर्रम और कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
![]()
अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा जनसहभागिता के माध्यम से शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता नीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आगामी त्योहारों के दौरान सभी अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








