||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से प्रत्येक बुधवार को आयोजित किए जाने वाले वादी संवाद दिवस का आयोजन एक बार फिर सभी थानों में किया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चल रही इस पहल के तहत वादियों को उनके मामलों की प्रगति की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। गौरतलब हैं कि गाज़ियाबाद में कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद से ही वादी संवाद दिवस की शुरुआत की गई थी। तब से प्रत्येक बुधवार को सभी थानों में यह कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा हैं, जिससे वादियों को अपने मामलों की अद्यतन जानकारी सीधे विवेचकों और पुलिस अधिकारियों से प्राप्त हो सके। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान विवेचनाधीन एफआईआर, एनसीआर तथा गुमशुदगी से संबंधित मामलों के वादियों को थानों पर आमंत्रित किया गया। संबंधित विवेचकों ने उन्हें जांच की वर्तमान स्थिति, की गई कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही वादियों के सवालों का संतोषजनक और तथ्यात्मक उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना हैं कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना, वादियों का विश्वास मजबूत करना तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना हैं। आज आयोजित वादी संवाद दिवस में नगर जोन से 86, ट्रांस हिंडन जोन से 87 तथा ग्रामीण जोन से 80 वादी उपस्थित हुए। इस प्रकार पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 253 वादियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। गाज़ियाबाद पुलिस के अनुसार जनकेन्द्रित पुलिसिंग को बढ़ावा देने और जनता के साथ विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की पहलें लगातार जारी रहेंगी। वादी संवाद दिवस पुलिस और जनता के बीच संवाद, सहयोग और पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








