ट्रॉनिका सिटी में अवैध मजार पर चला बुलडोजर, यूपीसीडा की भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज अली सैफी

गाज़ियाबाद। जनपद गाज़ियाबाद में अवैध कब्जों और सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपीसीडा की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित एक मजार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस एवं अन्य विभागों की टीम मौके पर मौजूद रही तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, ट्रॉनिका सिटी के सेक्टर सी-1 क्षेत्र स्थित ग्रीन बेल्ट में बनी उक्त मजार यूपीसीडा की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पाई गई थी। संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस विभाग, राजस्व विभाग तथा यूपीसीडा के अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटाया गया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी एवं आरएएफ को तैनात किया गया था।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम लोनी दीपक सिंघनवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के नेतृत्व में जनपदभर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और निर्माणों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने बताया कि संबंधित मजार अवैध रूप से निर्मित थी, जिसके संबंध में विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई हैं। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण कराने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही हैं और उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीसीपी ग्रामीण ने कहा कि जनपद में भूमाफियाओं, अतिक्रमणकारियों तथा सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रहे हैं, ताकि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें