

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के ग्रामीण जोन में शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी द्वारा अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारियों ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी के दौरान अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण तथा जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, बैठक में बताया गया कि “IGRS निस्तारण माह जनवरी 2026” के अंतर्गत ग्रामीण जोन के सभी 9 थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया हैं। इस उपलब्धि पर पुलिस उपायुक्त ग्रामीण द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीण जोन के अंतर्गत थाना लोनी, ट्रोनिका सिटी, अंकुर विहार, लोनी बॉर्डर, मोदीनगर, निवाड़ी, भोजपुर, मसूरी एवं मुरादनगर के थाना प्रभारियों तथा अधीनस्थ IGRS कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी, लोनी, अंकुर विहार एवं मोदीनगर द्वारा अपने-अपने सर्किल में IGRS प्रकरणों के प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए विशेष रूप से सराहना की गई। IGRS प्रभारी म०मु०आ० भूपेंद्रि एवं म०आ० निर्देश चौधरी को जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा जांच आख्या ऑनलाइन अपलोड करने में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण जोन स्तर पर विवेचनाओं एवं प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध निस्तारण, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, धारा-34 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालान, पासपोर्ट सत्यापन एवं अपराधियों के सत्यापन कार्य में विशेष योगदान देने वाले कुल 5 बीएसआई व 4 बीपीओ को “COP OF THE MONTH” चुना गया और सम्मानित किया गया। थाना मसूरी की साइबर टीम द्वारा जनवरी माह में सर्वाधिक 55 मोबाइल फोन बरामद किए जाने पर प्रभारी निरीक्षक मसूरी अजय चौधरी एवं साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी अरुण कुमार को भी प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कहा, “मैं आशा करता हूँ कि भविष्य में भी आप इसी प्रकार उच्चकोटि की कर्मठता, लगन और कर्तव्यपरायणता का परिचय देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे। मैं आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।” ग्रामीण जोन की इस उपलब्धि से कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की कार्यशैली एवं जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण की प्रतिबद्धता एक बार फिर प्रमाणित हुई हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









