
स्वाट टीम व वेवसिटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 7800 किलो सरिया सहित ट्रक, चिप और रिमोट बरामद
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। स्वाट टीम, अपराध शाखा व थाना वेवसिटी पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की संयुक्त कार्रवाई में कम्प्यूटरीकृत धर्मकांटे में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर रिमोट के जरिए वजन में हेराफेरी कर सरिया चोरी करने वाले गिरोह का एक सक्रिय सदस्य गिरफ्तार किया गया हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7800 किलोग्राम चोरी का सरिया, तीन फर्जी नंबर प्लेट लगे ट्रक, एक कार, इलेक्ट्रॉनिक चिप और रिमोट सहित फर्जी बिल बरामद किए हैं।
ऐसे करते थे लाखों की चोरी
आपको बता दें कि 8 फरवरी को थाना वेवसिटी में आदित्य वर्ल्ड सिटी स्थित ‘आदित्य कुटुम्बकम’ परियोजना में धर्मकांटे पर वजन में हेराफेरी कर सरिया चोरी किए जाने के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 धारा 318(4)/345(3)/338/336(3)/340(2)/01(2)(1)/317(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान स्वाट टीम और थाना वेवसिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पहले अभियुक्त सरवन को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मंगलवार को दूसरे सक्रिय अभियुक्त बाबर मलिक को गिरफ्तार किया गया।
रिमोट से बदल देते थे वजन की रीडिंग
एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि पूछताछ में अभियुक्त बाबर मलिक ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर कम्प्यूटरीकृत धर्मकांटे में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाते थे। इसके बाद विशेष रिमोट (A, B, C, D बटन युक्त) की सहायता से वजन की रीडिंग में हेराफेरी कर प्रत्येक ट्रक से लगभग 5 टन सरिया चोरी कर लेते थे। बरामद रिमोट और चिप की मदद से धर्मकांटे की डिजिटल रीडिंग को नियंत्रित किया जाता था, जिससे वास्तविक वजन कम दर्शाया जाता था। चोरी किया गया सरिया फर्जी नंबर प्लेट लगे ट्रकों और फर्जी बिलों के माध्यम से दिल्ली व हरियाणा में बेचकर लाखों रुपये का मुनाफा कमाया जाता था। प्रति ट्रक चोरी किए गए सरिया की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई हैं। पुलिस को पड़े गए आरोपी की पहचान बाबर मलिक (उम्र: 38 वर्ष) पुत्र स्व. अय्यूब मलिक निवासी नियर मोती मस्जिद, कैला भट्टा, थाना कोतवाली, गाज़ियाबाद के रूप में हुई हैं। वहीं, पुलिस को पकड़े गए आरोपी से 3 ट्रक (फर्जी नंबर प्लेट लगे), 6 इलेक्ट्रॉनिक चिप (धर्मकांटे में हेराफेरी हेतु), 5 रिमोट कंट्रोल, 1 औरा कार नंबर DL12CX0297, 7800 किलोग्राम चोरी का सरिया और चोरी के सरिया के 3 फर्जी बिल बरामद हुए हैं।
आपराधिक इतिहास
अभियुक्त बाबर मलिक के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं। विजयनगर व हौजखास थानों में उसके विरुद्ध विभिन्न मुकदमे पंजीकृत हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









