||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में थाना वेव सिटी पुलिस एवं मिशन शक्ति पुलिस टीम द्वारा थाना वेव सिटी क्षेत्र के एक स्कूल में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आपको बता दें कि 8 फरवरी 2025 को हाईटेक स्कूल, काजीपुरा डासना, गाज़ियाबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं स्कूल स्टाफ को महिला व बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। वहीं, कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों डायल-112, 1090, 1076, 1098 एवं 181 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती हैं।
इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। साइबर अपराधों से बचाव, गोल्डन ऑवर की महत्ता तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं वेबसाइट cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। वहीं, कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्कूल स्टाफ ने इस पहल की सराहना की। उपस्थित लोगों का कहना था कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से निश्चित रूप से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुदृढ़ होगी और महिला अपराधों के साथ-साथ साइबर अपराधों में भी कमी आएगी।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









