
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण व लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर दिया विशेष जोर
||TC24N|| फईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी द्वारा थाना विजयनगर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने थाना स्तर पर की जा रही प्रशासनिक, विवेचनात्मक एवं जनसुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था, चल रहे नवनिर्माण कार्यों तथा मिशन शक्ति केंद्र से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया गया। महिला सुरक्षा एवं महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर की गई कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने महिलाओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल देते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाए। निरीक्षण के क्रम में साइबर हेल्पडेस्क का भी निरीक्षण किया गया। जनसामान्य के साथ हुई साइबर फ्रॉड की घटनाओं पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए साइबर अपराध से बचाव हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा कार्यक्रम की तिथि पूर्व में निर्धारित कर संबंधित सभी को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, कार्यालय व्यवस्था एवं अभिलेखों के रखरखाव की समीक्षा करते हुए मालखाना में रखे गए माल को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने एवं उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही थाने पर दाखिल वाहनों के निस्तारण प्रक्रिया को तेज करने पर भी जोर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त द्वारा सीसीटीवी मॉनिटरिंग, शिकायत निस्तारण प्रणाली तथा थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, रात्रि गश्त, बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन के साथ संवेदनशील, शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया। अंत में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









