

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। शनिवार को दीपावली, बारावफात एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गोड गाज़ियाबाद के निर्देशन में पूरे शहर में उच्चाधिकारियों द्वारा पैदल गश्त की गई। पुलिस आयुक्त स्वयं आरडीसी से हिंद चौक तक डीसीपी नगर, एसीपी कविनगर एवं पुलिस बल के साथ संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त करते हुए कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटीरत पीआरवी कर्मियों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात आलोक प्रियदर्शी ने भी एसीपी इंदिरापुरम एवं पुलिस बल के साथ इंदिरापुरम, कोतवाली, विजयनगर और कविनगर क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले बाजारों, मुख्य सड़कों व संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा यातायात सुचारू रखने हेतु संबंधितों को निर्देशित किया। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल द्वारा एसीपी इंदिरापुरम एवं पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र में पैदल गश्त की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने थाना सिहानीगेट व नंदग्राम के सर्राफा बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में निरीक्षण किया। वहीं, एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने एसीपी अंकुर विहार, लोनी और मोदीनगर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों — लोनी, लोनी बॉर्डर एवं मोदीनगर में पैदल गश्त की। साथ ही एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने घंटाघर मार्केट सहित अन्य व्यस्त बाज़ारों में पैदल गश्त व चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त गाज़ियाबाद ने कहा कि त्योहारों के दौरान जनपद में शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित माहौल बनाए रखना प्राथमिकता हैं। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ जनता की सुरक्षा में जुटे रहें।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









