||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना कविनगर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया हैं। दोनों ने मिलकर महिला के पति की हत्या कर शव को हाइवे किनारे फेंक दिया था।
क्या हैं मामला?
दरअसल, 4 मई 2025 की सुबह वादी समीर ने थाना विजयनगर में सूचना दी कि वह विजय प्लास्टिक कम्पनी, बुलन्दशहर रोड, गाज़ियाबाद के सामने स्थित हाईवे किनारे टायर पंचर की दुकान चलाते हैं। सुबह करीब 8 बजे जब वह अपनी दुकान पर पहुंचे, तो देखा कि दुकान के नीचे सर्विस रोड किनारे एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ऐसे हुआ खुलासा
एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार के अनुसार, थाना कविनगर पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मैन्युअल इन्टेलिजेंस के माध्यम से दो संदिग्धों को चिह्नित किया। जिनकी पहचान रिंकू पुत्र जसवीर, निवासी हाल थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, मूल निवासी थाना बीबी नगर, बुलंदशहर और दूसरी प्रियंका पत्नी संजय, निवासी थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के रूप में हुई। जिन दोनों को 17 मई 2025 को क्रमशः ABES कट और कमला हॉल के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद चौंकाने वाले खुलासे
एसीपी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान प्रियंका ने बताया कि उसका प्रेम संबंध रिंकू से था। उसका पति संजय उसे प्रताड़ित करता था, जिससे तंग आकर उसने रिंकू से अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। प्रियंका के कहने पर रिंकू ने संजय की पहले गला घोटकर हत्या करने की कोशिश की और फिर उसके सिर पर बोतल मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को औद्योगिक क्षेत्र के सर्विस रोड पर अंजाम दिया गया। इसके बाद रिंकू ने प्रियंका को फोन कर इसकी जानकारी दी। फिलहाल, दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही हैं और आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









