

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। मोहननगर स्थित ITS कॉलेज के ऑडिटोरियम में शनिवार को पुलिस आयुक्त ने ट्रांस हिंडन जोन के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्जों, बीट उपनिरीक्षकों एवं बीट पुलिस अधिकारियों के साथ अहम सम्मेलन किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं कानून-व्यवस्था) तथा ट्रांस हिंडन जोन के डीसीपी भी मौजूद रहे। सम्मेलन में जनता केंद्रित पुलिसिंग और बीट पुलिस प्रणाली (BPO) को और अधिक प्रभावशाली बनाने पर ज़ोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले नागरिकों से मृदुल व्यवहार करें और उनकी शिकायतों पर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
गाज़ियाबाद कमिश्नरेट के ट्रांस हिंडन जोन में 07 थानों को 693 बीट क्षेत्रों में विभाजित किया गया हैं, जहाँ 313 बीट एसआई और 484 बीट पुलिस अधिकारी तैनात हैं। प्रत्येक BPO को सप्ताह में कम से कम तीन बार अपने क्षेत्र का भ्रमण कर निम्नलिखित कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया: गौकशी, सट्टा, जुआ, अवैध शराब, मादक पदार्थों जैसी अपराध गतिविधियों पर निगरानी, • हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधियों की निगरानी, • सभी समुदायों के साथ सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना, • स्थानीय व्यापारिक संस्थानों व पसारा एजेंसियों से समन्वय, • जनता, गणमान्य व्यक्तियों और डिजिटल वॉलंटियर्स के साथ व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से सतत संवाद बीट बुक की नियमित जांच, टीम के मनोबल को बनाए रखना और ज़ोनल पुलिस उपायुक्तों द्वारा अधिकारियों को लगातार ब्रीफ करना भी दिशा-निर्देशों में शामिल रहा।
समापन में पुलिस आयुक्त ने महात्मा गांधी के आदर्शों का स्मरण करते हुए सभी पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने और जनता के साथ सम्मानजनक संबंध बनाए रखने की अपील की। उन्होंने “एक-एक व्यक्ति, एक-एक प्राणी हमारा है” जैसे पुलिस मिशन को साकार करने का भी आह्वान किया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









