||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना साइबर क्राइम की टीम ने एक ऐसे गैंग का भंडाफोड़ किया हैं जो इन्श्योरेन्स एप में छेड़छाड़ कर विभिन्न इन्श्योरेन्स कम्पनियों की फर्जी थर्ड पार्टी पॉलिसी तैयार कर रहा था। पुलिस ने इस गैंग के दो सदस्यों सरताज पुत्र नजीर अहमद निवासी मेरठ और दीपक ठाकुर पुत्र दिगम्बर निवासी गाज़ियाबाद को गिरफ्तार कर लिया हैं। इनके कब्जे से 84 कूट रचित इन्श्योरेन्स पॉलिसियां और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी कविनगर थानाक्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित आरटीओ ऑफिस रोडवेज वर्कशॉप के सामने से हुई।
कैसे करते थे फर्जीवाड़ा:
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्त पुराने चार पहिया वाहनों के लिए थर्ड पार्टी पॉलिसी बनवाने के नाम पर एप में दोपहिया वाहन की डिटेल भरते थे, ताकि कम प्रीमियम में पॉलिसी जनरेट की जा सके। फिर उस पॉलिसी को एडिट कर असली वाहन की डिटेल डालकर उसे थर्ड पार्टी बीमा के रूप में वाहन स्वामी को दे देते थे।
इस प्रकार अभियुक्त प्रति वाहन 15,000 से 20,000 रुपये तक की रकम बचाते थे, जिसे आपस में बांट लेते थे। इन पॉलिसियों को ऑनलाइन चेक करने पर वे वैध दिखाई देती थीं, जिससे आम उपभोक्ता को इसकी वास्तविकता का पता नहीं चलता था।
25,000 से अधिक फर्जी पॉलिसियों का शक
अब तक की विवेचना में पूरे भारत में 25,000 से अधिक फर्जी थर्ड पार्टी पॉलिसियों का खुलासा हो चुका हैं, जिनमें गाज़ियाबाद के 100 से अधिक वाहन शामिल हैं।
इनके मोबाइल फोन से ICICI Lombard, Reliance, SBI General, Bajaj Allianz, HDFC Ergo, Tata AIG, National Insurance जैसी 12 नामी कंपनियों की फर्जी पॉलिसियां बरामद हुई हैं। फिलहाल, साइबर क्राइम थाना टीम अन्य इन्श्योरेन्स कंपनियों से डाटा जुटाकर विस्तृत जांच में जुटी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









