

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गाज़ियाबाद के पुलिस आयुक्त द्वारा बीट पुलिस ऑफिसर (BPO) प्रणाली लागू की गई हैं। इस नई प्रणाली के अंतर्गत जनसंपर्क और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दी गई हैं। कमिश्नरेट के सभी थानों में उच्चाधिकारियों द्वारा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को बीपीओ प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें सर्कुलर की एक प्रति भी उपलब्ध कराई गई, ताकि वह अपने कर्तव्यों को स्पष्ट रूप से समझ सकें।
प्रमुख निर्देशों में ये बिंदु शामिल हैं:
• सभी बीट पुलिस अधिकारियों को अपने बीट क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों से नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुलझाने के निर्देश दिए गए हैं।
• बीपीओ को अपने क्षेत्र के गांवों और मोहल्लों की पूरी जानकारी रखने के साथ-साथ पिछले 10 वर्षों में संपत्ति से जुड़े अपराधों में संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनकी KYC (Know Your Criminal) करने का निर्देश दिया गया हैं।
• गंभीर आपराधिक गतिविधियों जैसे डकैती, लूट, वाहन चोरी, गोकशी, मादक पदार्थ तस्करी आदि में संलिप्त 10 वर्षीय अपराधियों की निगरानी की जाएगी।
• उत्तर प्रदेश जनहित गारंटी अधिनियम 2011 के तहत पासपोर्ट सत्यापन, किरायेदार सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र आदि सेवाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा लागू की गई यह प्रणाली न सिर्फ अपराध नियंत्रण में सहायक होगी, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को भी मजबूत करेगी।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









