||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की थाना सिहानी गेट पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक कथित पेशेवर वाहन चोर को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक सफेद क्रेटा कार, चार फर्जी नंबर प्लेट और तीन चोरी की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटर साइकिल बरामद की हैं। इसके अलावा वाहन चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गाज़ियाबाद और आसपास के जिलों में गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी तथा अवैध हथियारों से संबंधित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मेरठ तिराहे के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मंगलवार 13 अक्टूबर 2026 को थाना सिहानी गेट पुलिस टीम चोरी के वाहनों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मेरठ तिराहे के पास से आबिद पुत्र सब्बीर, निवासी ग्राम पंजी सराय, थाना नौगांवा देहात, जिला अमरोहा, उम्र करीब 34 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक चोरी की सफेद क्रेटा कार, चार नंबर प्लेट और वाहन चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद हुए। बरामद औजारों में दो एलैन्की (मास्टर-की), एक पेचकस, एक वायर कटर, एक पेपर कटर और डबल टेप शामिल हैं।
आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से मिलीं तीन बुलेट
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर हिंडन नदी के पास कब्रिस्तान के पीछे झाड़ियों से चोरी की तीन रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गईं। जांच में पता चला कि बरामद क्रेटा कार थाना इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी की गई थी। वहीं, बरामद बुलेट मोटर साइकिलों में से एक के संबंध में दिल्ली के शाहदरा थाने में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई हैं।
2 अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले में दो अन्य आरोपियों को वांछित बताया हैं। उनकी पहचान भंता उर्फ इकरार उर्फ नाजिम पुत्र इस्लाम, निवासी ग्राम आदमपुर, जिला अमरोहा और साजिद पुत्र अनवार, निवासी ग्राम मिलक पापड़ी, थाना अमरोहा देहात, जिला अमरोहा के रूप में हुई हैं। पुलिस टीम दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में बरामदगी और पूछताछ के आधार पर थाना सिहानी गेट में मुकदमा अपराध संख्या 0357/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी पर दो दर्जन से अधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आबिद का आपराधिक इतिहास खंगालने पर दिल्ली, गाज़ियाबाद, अमरोहा, बिजनौर और मुरादाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों में गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी, अवैध हथियार तथा अन्य अपराधों से संबंधित दो दर्जन से अधिक अभियोग दर्ज होने की जानकारी मिली हैं। इस कार्रवाई को थाना सिहानी गेट पुलिस की वाहन चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा हैं। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों से जुड़े मामलों की जांच में जुटी हैं। वहीं, पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो अन्य आरोपी वांछित हैं और उनकी तलाश जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India