संजय नगर अस्पताल में एसीपी उपासना पाण्डेय ने रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से चलाया जागरूकता अभियान
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और पोषण को लेकर पुलिस ने जागरूकता की दिशा में एक अहम पहल की। शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली उपासना पाण्डेय ने रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से संजय नगर अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की। इस दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के साथ-साथ महिला सुरक्षा के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्र की भूमिका से अवगत कराया गया। साथ ही, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर उन्हें जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के प्रति जागरूक किया गया।
पोषण के साथ सुरक्षा का संदेश
इस पहल का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को उचित पोषण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं के प्रति जागरूक बनाना रहा। पोषण पोटली वितरण के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने और जागरूकता अभियान के जरिए महिलाओं तक सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया। पुलिस और रेड क्रॉस सोसाइटी के इस संयुक्त प्रयास ने महिला स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा को एक साथ जोड़ते हुए महिलाओं को उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी देने पर जोर दिया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India