25 हज़ार के इनामी हाजी सलमान की राजस्थान से गिरफ्तारी की पुलिस ने की पुष्टि, चित्तौड़गढ़ से SWAT टीम ने दबोचा

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद/चित्तौड़गढ़। लोनी क्षेत्र में दर्ज दो मुकदमों में वांछित चल रहे और 25 हज़ार रुपये के इनामी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हाजी सलमान खान पुत्र बुंदू खान, निवासी गौरी पट्टी, लोनी, गाज़ियाबाद को गाजियाबाद पुलिस की SWAT टीम एवं अपराध शाखा ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार कर लिया हैं। गिरफ्तारी की यह जानकारी अब गाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस नोट के माध्यम से पुष्टि की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, हाजी सलमान थाना लोनी में दर्ज मुकदमा संख्या 297/2026 तथा थाना लोनी बॉर्डर में दर्ज मुकदमा संख्या 348/2026 में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त ग्रामीण द्वारा 5 सितंबर 2026 को 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

चित्तौड़गढ़ में पुलिस ने की गिरफ्तारी

गाज़ियाबाद पुलिस के आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, SWAT टीम और अपराध शाखा को हाजी सलमान की तलाश में लगाया गया था। पुलिस टीम ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हाजी सलमान ने बताया कि लोनी थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित होने के बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था। पुलिस का कहना हैं कि वह राजस्थान के बूंदी से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा था, इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद संबंधित मामलों में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई थाना लोनी पुलिस द्वारा की जा रही हैं।

2 सितंबर के विवाद में दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को लोनी क्षेत्र में हुए विवाद को लेकर वादी सुमित सूद की शिकायत पर हाजी सलमान, शहनवाज, शेरखान और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना लोनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुकदमे में हमला करने, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, लूटपाट और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न आरोपों से संबंधित धाराएं लगाई गई थीं। इसी मामले में हाजी सलमान को वांछित बताया गया था।

विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ कथित टिप्पणी का मामला भी शामिल

इसके अलावा 4 सितंबर 2026 को भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर से संबंधित एक अन्य मामला थाना लोनी बॉर्डर में दर्ज कराया गया था। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ललित ने आरोप लगाया था कि हाजी सलमान ने सोशल मीडिया पर रील/वीडियो बनाकर विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र, आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया। शिकायत में पैर तोड़ने और गंभीर नुकसान पहुंचाने जैसी कथित धमकियों का भी उल्लेख किया गया था। इस मामले में भी हाजी सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और बाद में दोनों मामलों में उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

अधिवक्ता ने गिरफ्तारी से पहले जताई थी सुरक्षा को लेकर चिंता

हाजी सलमान को राजस्थान से हिरासत में लिए जाने की सूचना सामने आने के बाद उनके अधिवक्ता नदीम अख्तर की ओर से राजस्थान पुलिस के संबंधित अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजे जाने की बात सामने आई थी। अधिवक्ता ने हाजी सलमान की व्यक्तिगत सुरक्षा और पुलिस हिरासत के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। शिकायत में कथित हिरासत स्थल, समय, पुलिस टीम की आवाजाही और संबंधित CCTV व इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग किए जाने की जानकारी सामने आई थी। परिजनों और अधिवक्ता की ओर से पुलिस मुठभेड़ में नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई थी। हालांकि, ऐसी किसी घटना की कोई पुष्टि सामने नहीं आई और अब गाज़ियाबाद पुलिस ने हाजी सलमान की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी हैं।

पुलिस ने क्या बरामद किया?

गाज़ियाबाद पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हाजी सलमान के कब्जे से – 3 मल्टीमीडिया आईफोन, 7,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी को जांच का हिस्सा बताते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रखने की बात कही हैं।

हाजी सलमान का आपराधिक इतिहास भी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार हाजी सलमान के खिलाफ गाज़ियाबाद और दिल्ली में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, धमकी, वसूली, दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर की कार्रवाई भी पूर्व में की जा चुकी हैं। गाज़ियाबाद पुलिस ने उसे थाना लोनी का हिस्ट्रीशीटर, HS नंबर 271A भी बताया हैं।

अब आगे क्या होगी कार्रवाई?

गाज़ियाबाद पुलिस के मुताबिक हाजी सलमान की गिरफ्तारी के बाद संबंधित दोनों मुकदमों में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई थाना लोनी पुलिस द्वारा की जा रही हैं। पुलिस पूछताछ में विवाद की पूरी पृष्ठभूमि, सोशल मीडिया गतिविधियों और मुकदमों से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सकती हैं। इस गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और न्यायालय में पेशी पर नजर रहेगी। वहीं, हाजी सलमान के अधिवक्ता और परिजनों की ओर से उठाई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं के मद्देनज़र पुलिस हिरासत और आगे की कानूनी प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण रहेगी। इस खबर में आरोपों और आपराधिक मामलों से संबंधित जानकारी गाज़ियाबाद पुलिस के आधिकारिक प्रेस नोट तथा उपलब्ध शिकायत/पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर दी गई हैं। किसी भी आरोप की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के परिणाम के आधार पर होगी।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें