||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 मोटर साइकिल, 2 स्कूटी समेत कुल 9 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए मोबाइल फोन बेचकर प्राप्त 5,120 रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 2/3 सितंबर 2026 की रात चेकिंग और गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर इंदिरापुरम पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को ग्रीन बेल्ट स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनी पुत्र सुरजीत, निवासी मकनपुर, इंदिरापुरम, हाल निवासी कोंडली, दिल्ली, उम्र करीब 19 वर्ष और निखिल कुमार उर्फ नोनू पुत्र मुकेश कुमार, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई हैं।
चोरी के वाहनों से करते थे स्नैचिंग
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए दिल्ली और गाज़ियाबाद क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों की नंबर प्लेट बदलने के बाद उनका इस्तेमाल राह चलते लोगों से स्नैचिंग की घटनाओं में भी किया जाता था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए दोपहिया वाहनों और स्नैचिंग से मिले मोबाइल फोन को वे सस्ते दामों में राह चलते लोगों को बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद सभी दोपहिया वाहन चोरी के हैं।
दोनों आरोपियों पर पहले से मुकदमे दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार हनी और निखिल कुमार उर्फ नोनू के खिलाफ थाना इंदिरापुरम में चोरी के दो अभियोग पहले से पंजीकृत हैं। पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही हैं। वहीं, दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India







