
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ द्वारा श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का विस्तृत भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा एएलटी चौराहे पर कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा उन्हें सुरक्षित एवं सुगम कांवड़ यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

पुलिस आयुक्त ने श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था, जलाभिषेक व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर परिसर एवं प्रवेश/निकास द्वार पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा दूधेश्वरनाथ मंदिर कांवड़ कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया तथा पूरे मंदिर परिसर की 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए बनाई गई बैरिकेडिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन एवं जलाभिषेक का अवसर मिल सके।

पुलिस आयुक्त ने मेरठ तिराहे से एएलटी चौराहे तक कांवड़ यात्रा मार्ग का भी भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर प्रभावी यातायात डायवर्जन एवं सुदृढ़ पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही मंदिर प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए साफ-सफाई, पेयजल, मेडिकल कैंप एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं अनुशासन के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए।

एएलटी चौराहे पर पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली एवं सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।

कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लगातार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








