
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा हैं। इसी क्रम में 05 अगस्त 2026 को अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वरुण कुमार सिंह ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सीमापुरी बॉर्डर, मोहन नगर, मेरठ तिराहा एवं एएलटी सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीसीपी यातायात ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और प्रभावी यातायात प्रबंधन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
![]()
इसके उपरांत वरुण कुमार सिंह ने कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की संचालन स्थिति, लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था तथा निगरानी तंत्र की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कैमरे लगातार सक्रिय रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आकस्मिक स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








