गाज़ियाबाद में ‘स्कूल चलो अभियान-2026-27’ का भव्य शुभारंभ, सर्वाधिक नामांकन वाले विद्यालय सम्मानित, बच्चों को बांटी गईं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, गाज़ियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्कूल चलो अभियान-2026-27’ के अंतर्गत पीएम प्राथमिक विद्यालय, कविनगर में जनपद स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और शत-प्रतिशत नामांकन के संदेश के साथ विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा सर्वाधिक नामांकन वाले विद्यालयों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, राजस्थानी लोकनृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। पीएम विद्यालय मोरटी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत बैंड की मधुर धुनों ने आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया गया पौधारोपण

कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विधायक अजीत पाल त्यागी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने भी पौधे लगाए। इसके बाद विद्यालय वापसी और नए नामांकन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूल चलो रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यार्थियों को मिलीं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें

कार्यक्रम में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव एवं जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह ने निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं। साथ ही बच्चों को नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

विधायक अजीत पाल त्यागी बोले— कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे

मुख्य अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि “स्कूल चलो अभियान” का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना हैं और यह सुनिश्चित करना हैं कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील करते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने का भी आह्वान किया।

नई शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर

जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना विभाग की प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला हैं।

हर बच्चे तक पहुंचे शिक्षा का लाभ: बीएसए

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग सहित विभिन्न छात्रहितकारी योजनाओं का लाभ बच्चों तक पहुंचाया जा रहा हैं। उन्होंने शिक्षकों से घर-घर संपर्क कर विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की अपील की।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी

कार्यक्रम का संचालन पूनम शर्मा ने किया। इस अवसर पर सहायक वित्त एवं लेखा अधिकारी विकास बघेल, जिला समन्वयक अनुभव गुप्ता, डॉ. राकेश, सिंपल चौधरी, रुचि त्यागी, विजय बघेल, टिंकू कंसल, शिक्षक संघ के अमित विक्रम गोस्वामी, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शिक्षा के प्रसार, पर्यावरण संरक्षण और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें