![]()
![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद जिला प्रशासन ने सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत शनिवार को लोनी क्षेत्र की इंदिरा मार्केट में लोनी–गाज़ियाबाद मुख्य मार्ग के किनारे स्थित कई वर्ष पुरानी एक अवैध मजार को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन का कहना हैं कि सड़क किनारे बने इस अवैध निर्माण के कारण लंबे समय से यातायात प्रभावित हो रहा था और अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी। आम नागरिकों की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
![]()
कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम लोनी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सिंघनवाल ने किया। उनके साथ नायब तहसीलदार लीलू सिंह, सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी, एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम तथा एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। लोनी क्षेत्र के सभी संबंधित थानों का पुलिस बल भी तैनात रहा, जबकि आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।

300 से अधिक पुलिसकर्मियों की रही तैनाती
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। लगभग 300 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में क्षेत्र की घेराबंदी कर कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अन्य अस्थायी अवैध अतिक्रमणों को भी हटाया गया, जिससे लोनी तिराहे और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो गई।
![]()
प्रशासन का संदेश—सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण नहीं होगा बर्दाश्त
एसडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सिंघनवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के मार्गदर्शन में सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
![]()
निष्पक्ष और नियमसम्मत कार्रवाई का दावा
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कानून के अनुरूप की गई। किसी भी व्यक्ति, समुदाय या वर्ग के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया। केवल सार्वजनिक भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया और पूरी प्रक्रिया विधिक प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई गई। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के बाद स्थल का निरीक्षण भी किया गया और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि भविष्य में दोबारा किसी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न होने दिया जाए। प्रशासन ने दोहराया कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
![]()


![]()
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








