![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यातायात प्रवर्तन को विधिसम्मत एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइंस, गाज़ियाबाद स्थित परमजीत हॉल में यातायात पुलिस के आरक्षियों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 186 यातायात आरक्षियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आरक्षियों को मोटरयान अधिनियम, 1988, केंद्रीय मोटरयान नियम, वाहन पंजीकरण (आरसी), ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल), विभिन्न प्रकार के परमिट, वाहनों की फिटनेस, लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया तथा सड़क दुर्घटनाओं के बाद मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) द्वारा की जाने वाली तकनीकी जांच सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी।
![]()
इसके अलावा वाहन चेकिंग के दौरान अपनाई जाने वाली वैधानिक प्रक्रिया, ओवरलोडिंग, बिना परमिट एवं बिना फिटनेस वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, डिजिटल प्रवर्तन प्रणाली, ई-चालान व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आरक्षियों ने कानून एवं प्रवर्तन से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक प्रश्न पूछे। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सभी जिज्ञासाओं का विस्तार से समाधान करते हुए प्रभावी और विधिसम्मत कार्रवाई के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
![]()
व्याख्यान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अशोक कुमार श्रीवास्तव एवं सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) विवेक कुमार खरवार द्वारा दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस और परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता और प्रभावी प्रवर्तन को भी नई मजबूती प्रदान करेंगे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








