![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। राज्य कर विभाग द्वारा रीजनल ट्रेनिंग सेंटर, मोहननगर में दानवीर भामाशाह जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर अपर आयुक्त राज्य कर राम केश्वर सहित विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कर (टैक्स) जमा करने वाले व्यापारियों एवं प्रतिष्ठानों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत दानवीर भामाशाह के जीवन और योगदान पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। संस्कृति विभाग की ओर से देव आराध्या भक्ति एंड पार्टी ने भक्ति गायन प्रस्तुत किया, जबकि अयाना डांस एकेडमी के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अपने संबोधन में अपर आयुक्त ग्रेड-1 राम केश्वर ने सम्मानित व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य कर विभाग के लिए सभी व्यापारी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा जमा किए गए कर से ही देश और प्रदेश के विकास कार्यों को गति मिलती है तथा विभाग व्यापारियों को पारदर्शी और सुगम कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। अपर आयुक्त ग्रेड-2 (अपील) राम मिलन ने दानवीर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने महाराणा प्रताप के कठिन समय में अपना सर्वस्व राष्ट्रहित में समर्पित कर इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उनका जीवन समाज और व्यापार जगत के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इन फर्मों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न कर श्रेणियों के उत्कृष्ट करदाताओं को सम्मानित किया गया। 100 करोड़ रुपये से अधिक कर जमा करने वाली श्रेणी में गोडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड और लार्सन एंड टुब्रो को सम्मान मिला। 50 से 100 करोड़ रुपये की श्रेणी में धर्मप्रकाश संजय कुमार एवं प्रोग्रेसिव स्टैंपिंग प्राइवेट लिमिटेड को सम्मानित किया गया। 5 से 50 करोड़ रुपये कर देने वाली श्रेणी में मुकेश ब्रदर्स, आरव कंस्ट्रक्शन तथा आशा इंपोर्ट एंड एक्सपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। वहीं, 1.5 से 5 करोड़ रुपये की श्रेणी में केशव रूफिंग सिस्टम्स और रिषभ ट्रेडिंग कंपनी, जबकि 1.5 करोड़ रुपये तक कर देने वाली श्रेणी में मार्क टेक इंजीनियर्स एवं एसेट प्लक रियल्टी को सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर आयुक्त ग्रेड-2 अशोक कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त जिला जीत, सुजाता सिंह, अजय प्रताप सिंह, पूनम सिंह, उपायुक्त चन्द्रकांत भूषण, जय प्रकाश मौर्य सहित राज्य कर विभाग के अनेक अधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









