![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के निर्देशन में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं यातायात) की अध्यक्षता में यातायात व्यवस्था की समीक्षा को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सभी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात तथा समस्त यातायात निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक उपस्थित रहे। बैठक में पिछले माह की प्रवर्तन कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास, शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने तथा आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही अन्य कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस आयुक्त ने सभी यातायात उपनिरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे स्वयं तथा उनके अधीन तैनात यातायात कर्मी दोनों शिफ्टों में निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें। साथ ही चौराहों और तिराहों पर कर्मियों को एक स्थान पर खड़े रहने के बजाय सभी मार्गों पर तैनात रहकर यातायात को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में यातायात निरीक्षक प्रथम को तिगरी गोल चक्कर एवं क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण करने वाले ठेले, रेहड़ी एवं पटरी कारोबारियों के विरुद्ध संबंधित थाना पुलिस के समन्वय से लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
![]()
यातायात निरीक्षक तृतीय को इंदिरापुरम क्षेत्र की सोसायटियों के बाहर नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के विरुद्ध चालान एवं सीज की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एनएच-9 मॉडल टाउन सेक्टर-62 पर बसों को निर्धारित लेन में ही सवारी चढ़ाने-उतारने तथा सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले ऑटो चालकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। यातायात निरीक्षक षष्ठम को टीला मोड़ स्थित गैस प्लांटों के बाहर खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित चालान अभियान चलाने तथा दोबारा उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए सड़क के गड्ढों, जलभराव, टूटी रेलिंग, अवैध कट एवं अन्य अवरोधों को समय रहते दूर कराने के लिए संबंधित विभागों से किए गए पत्राचार की नियमित मॉनिटरिंग करने और उसकी अद्यतन स्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएंगी।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









