![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों महिलाएं सगी बहनें हैं। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और गमछा भी बरामद किया गया हैं। पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को समीर खान उर्फ नासिर निवासी ट्रोनिका सिटी ने थाना ट्रोनिका सिटी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके भाई जाकिर की हत्या किरन और उसकी बहन कशिश ने मिलकर की है। शिकायत के आधार पर थाना ट्रोनिका सिटी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किरन (32 वर्ष), निवासी छोटी सराय, थाना कोतवाली, बुलंदशहर तथा कशिश (21 वर्ष), निवासी ग्राम रिढावली, थाना गुलावठी, बुलंदशहर के रूप में हुई हैं। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी किरन ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कई वर्षों से जाकिर के संपर्क में थी और कुछ समय से उसके साथ ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोपी महिला का आरोप है कि पिछले कुछ समय से उसे संदेह था कि जाकिर उसकी नाबालिग बेटी पर गलत नजर रखता हैं। इसी शक के चलते उसने अपनी बहन कशिश के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 जून को उन्होंने पहले बच्चों को घर से बाहर भेजा और फिर डंडे से जाकिर के सिर पर वार किया। बेहोश होने के बाद गमछे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए डंडे को छत पर पानी की टंकी के पीछे छिपा दिया तथा गमछे को पंखे से बांधकर घटना स्थल को आत्महत्या जैसा दिखाने का प्रयास किया। बाद में शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और मृतक के परिजनों को भी आत्महत्या की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और गमछा बरामद कर लिया गया हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना हैं कि मामले की विवेचना जारी हैं तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









