![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा आईएमएस कॉलेज, एनएच-9 डासना में भव्य सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 5000 योग साधकों ने भाग लेकर योग प्रोटोकॉल के अनुसार विधिपूर्वक योगाभ्यास किया।
![]()
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार राणा ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
![]()
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने उपस्थित योग साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ और निरोग जीवन के लिए प्रतिदिन योग करना आवश्यक है। उन्होंने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की तथा सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग की सराहना की।
![]()
योगाचार्य यश पाराशर ने योग प्रोटोकॉल के अनुरूप उपस्थित साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से तनाव, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव एवं नियंत्रण के उपायों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सभी अतिथियों, योग साधकों और कार्यक्रम को सफल बनाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
![]()
इस दौरान विशिष्ट सहयोग प्रदान करने वाले सामाजिक एवं प्रशासनिक प्रतिनिधियों को प्रतीक चिन्ह एवं पौधे भेंट कर सम्मानित भी किया गया। योग दिवस समारोह में जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, आयुष विभाग के चिकित्सक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, सिविल डिफेंस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








