उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विकास भवन में जनकल्याणकारी प्रदर्शनी का किया अवलोकन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। केंद्र सरकार के “सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण” के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन, गाज़ियाबाद में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याणकारी प्रदर्शनी एवं कार्यक्रम के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री का स्वागत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

इसके बाद उन्होंने कृषि विभाग द्वारा आयोजित “प्राकृतिक खेती, कृषक कल्याण, कृषि, पौध संरक्षण, जैविक कीटनाशक एवं मिलेट्स” विषयक गोष्ठी का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास, सुशासन, सामाजिक सुधार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनसे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, पीएम-कुसुम योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए किसानों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा ममता त्यागी, महापौर सुनीता दयाल, सदर विधायक संजीव शर्मा, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच, लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी और सेल्फी प्वाइंट कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहे।

प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों ने भी आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, श्रम, कौशल विकास, नगर निगम, समाज कल्याण, पर्यटन, पशुपालन, सिंचाई, खाद्य एवं रसद समेत विभिन्न विभागों के कुल 16 स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला प्रशासन ने बताया कि प्रदर्शनी के अंतिम दिन 19 जून को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, एनजीओ सहभागिता तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं पर विशेष गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें