
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। रिज़र्व पुलिस लाइन्स, गाज़ियाबाद में महिला अपराधों की संवेदनशील जांच एवं पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय “Gender Sensitive Policing एवं Effective Investigation of Crime Against Women” विषयक क्षमता निर्माण (Capacity Building) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 9 एवं 10 जून 2026 को राष्ट्रीय महिला आयोग, Women & Child Security Organization (WCSO), उत्तर प्रदेश पुलिस तथा गाजियाबाद पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

दरअसल, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को महिला अपराधों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने, प्रभावी जांच प्रक्रिया अपनाने तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रशिक्षित करना रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर, पुलिस महानिरीक्षक WCSO सुभाष चन्द्र दुबे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध सलोनी अग्रवाल सहित उत्तर प्रदेश के 18 जनपदों से आए पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने महिला अपराधों की जांच प्रक्रिया, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, साक्ष्य संकलन, कानूनी प्रावधानों तथा न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अधिकारियों को महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित किया गया।

आयोजकों के अनुसार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने पुलिस अधिकारियों को न केवल व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया, बल्कि महिला सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित करने के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में यह कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









