
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 को लेकर गाजियाबाद प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (GGIC) विजयनगर में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 20,355 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक संपन्न होगी।

सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर LIU अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में ADM रैंक के अधिकारियों की तैनाती की गई हैं। UPSC आयोग की ओर से तीन IAS अधिकारियों को ऑब्जर्वर बनाया गया हैं। वहीं, गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA), नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। आयोग की ओर से तीन अन्य अधिकारी भी निगरानी के लिए नियुक्त किए गए हैं। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जनरल मजिस्ट्रेट, LIU अधिकारियों और सेंटर सुपरिटेंडेंट को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया हैं कि परीक्षा के दौरान पारदर्शिता, सुरक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









