

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। केशव कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध द्वारा बुधवार को सर्किल शालीमार गार्डन स्थित थाना टीलामोड़ में लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण हेतु आदेश कक्ष का विवेचकवार आयोजन किया गया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन, प्रभारी निरीक्षक टीलामोड़ एवं संबंधित थानों के विवेचक उपस्थित रहे। आदेश कक्ष में छह माह से अधिक लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए महोदय ने साक्ष्य संकलन की कार्यवाही पूर्ण कर शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, सम्मन/वारंट की अधिकतम तामीला तथा सक्रिय गैंग का पंजीकरण कर पुरस्कार घोषित गैंगस्टरों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय अभिलेख, रजिस्टर, पत्रावलियों सहित मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, CCTNS कक्ष एवं मालखाना का गहन निरीक्षण किया गया। महिला उत्पीड़न रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा महिला संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर थाना प्रभारी द्वारा नियमित फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए। गंभीर अपराधों—जैसे हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी एवं मादक पदार्थ तस्करी—में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई करने तथा गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत संपत्ति जब्तीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने नए आपराधिक कानूनों के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन कर विवेचनाओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत थाना स्तर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









