Search
Close this search box.

सिहानीगेट पुलिस ने ई-रिक्शा/ई-लोडर चोर गिरोह का किया खुलासा, 3 शातिर गिरफ्तार, 1 ई-लोडर बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। थाना सिहानीगेट पुलिस टीम ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया एक ई-लोडर बरामद किया हैं।

घटना एवं पुलिस कार्यवाही का विवरण

दरअसल, शनिवार को थाना सिहानीगेट पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध वाहन/व्यक्ति चेकिंग, गश्त एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान मुखबिर खास की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर मेरठ रोड स्थित अंबुजा पार्क, पटेल नगर के पास से चोरी का ई-लोडर (रजि. नं. UP14 QT 9851) बरामद किया गया तथा तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना सिहानीगेट पर पंजीकृत मुकदमे में धारा 303 (2) बीएनएस के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही थी, बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई।

पूछताछ में अहम खुलासे

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शनिवार की सुबह के.के. मित्तल अस्पताल, पटेल नगर के पास से उक्त ई-लोडर चोरी किया था। इसके साथ ही अभियुक्तों ने थाना सिहानीगेट क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से पूर्व में भी लगभग चार ई-रिक्शे चोरी करने की बात स्वीकार की।

एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे का आधिकारिक बयान

एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने थाना नंदग्राम क्षेत्र में भी कई वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों ने 10 जनवरी वैष्णो नर्सरी, राजनगर एक्सटेंशन के सामने से एक बैटरी ई-रिक्शा चोरी किया था, जो थाना नंदग्राम में धारा 303 (2) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत हैं।

एसीपी ने बताया कि चोरी किए गए ई-रिक्शा को अभियुक्त फुरकान अपनी कबाड़ की दुकान पर ले गया, जहां उसने बैटरी व अन्य पार्ट्स निकालकर ई-रिक्शा को काट दिया और पार्ट्स को अलग-अलग कबाड़ियों को बेच दिया। चोरी से प्राप्त धनराशि को तीनों अभियुक्तों ने आपस में बांटकर व्यक्तिगत खर्च में उपयोग किया। उन्होंने यह भी बताया कि अभियुक्तों ने थाना नंदग्राम क्षेत्र से पूर्व में भी लगभग 2 ई-रिक्शे चोरी कर उनके पार्ट्स काटकर बेच दिए हैं। अब तक अभियुक्तों द्वारा आधा दर्जन से अधिक ई-रिक्शों की चोरी कर उन्हें काटकर नष्ट किया जाना प्रकाश में आया हैं।

एसीपी उपासना पांडे ने स्पष्ट किया कि मामले में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही हैं तथा अभियुक्तों के आपराधिक नेटवर्क और कबाड़ कारोबारियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

पुलिस को पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र स्व. दुर्विजय निवासी – गुलधर फाटक के पास, सेक्टर-23 संजय नगर, थाना मधुबन बापूधाम, गाज़ियाबाद, मूल निवासी – थाना अलापुर ककराला, जनपद बदायूं के रूप में, दूसरे की धर्मेन्द्र पुत्र भरत सिंह निवासी – गुलधर फाटक के पास, के.डी.एम. स्कूल, सेक्टर-23 संजय नगर, थाना मधुबन बापूधाम, गाज़ियाबाद के रूप में और तीसरे की फुरकान पुत्र रहमान निवासी – मोरटा, थाना मधुबन बापूधाम, गाज़ियाबाद, मूल निवासी – ग्राम मल्लूपुरा, थाना सिविल लाइन, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई हैं।

आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त दीपक के विरुद्ध थाना साहिबाबाद, मधुबन बापूधाम, मुरादनगर एवं नंदग्राम में वाहन चोरी व अन्य चोरी के कुल 4 अभियोग पंजीकृत हैं, तो वहीं अभियुक्त धर्मेन्द्र के विरुद्ध थाना नंदग्राम में मारपीट का एक तथा वाहन चोरी का एक अभियोग पंजीकृत हैं। वहीं, अभियुक्त फुरकान के विरुद्ध भी थाना नंदग्राम में वाहन चोरी का एक अभियोग दर्ज हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!