![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। बृहस्पतिवार को पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद ने संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की हैं। स्वाट टीम, अपराध शाखा एवं थाना अंकुर विहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी दीपक निवासी अगरौला के गैंग का सक्रिय सदस्य संजीत पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में सक्रिय था।
गैंग गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय के अनुसार, स्वाट टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना अंकुर विहार से वांछित अपराधी इलाके में घूम रहा हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को साथ लेकर ग्राम गढ़ी कटैया कट के पास चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, फायरिंग
पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी ने वाहन तेज गति से भगाया। जल्दबाजी में कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद आरोपी वाहन से उतरकर निर्माणाधीन प्लॉट की ओर भागा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। समय करीब 03:15 बजे पुलिस ने उसे काबू में लेकर उपचार हेतु अस्पताल भेजा।
जानलेवा हमले का आरोपी, कई मुकदमों में वांछित
वहीं, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजीत (उम्र लगभग 27 वर्ष) पुत्र ब्रहम सिंह, निवासी ग्राम कनारसी, थाना दनकौर, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई हैं। इसके अलावा आरोपी थाना अंकुर विहार में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0462/2025, धारा 109(1) बीएनएस) में वांछित था। इसी मामले में आरोपी ने दीपक गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर वादी पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध गाज़ियाबाद व गौतमबुद्धनगर में आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम एवं हत्या के प्रयास सहित करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
हथियार व वाहन बरामद, जांच जारी
मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से 01 लाइसेंसी फैक्ट्री मेड रिवाल्वर (32 बोर), 3 कारतूस, 3 खोखे कारतूस तथा बिना नंबर की स्विफ्ट कार बरामद हुई हैं। रिवाल्वर का नंबर घिसा हुआ पाया गया हैं, जिसको लेकर पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।
संगठित अपराध के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से दीपक गैंग की गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









