![]()
![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय में ग्रामीण जोन की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध/मुख्यालय, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण जोन, सभी सर्किल के सहायक पुलिस आयुक्त व सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
ग्रामीण जोन की कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा
दरअसल, बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण की रणनीति पर विस्तृत चर्चा करना तथा आगामी वर्ष 2026 के लिए नई चुनौतियों और संभावित अपराधों के लिए प्रभावी तैयारियां करना रहा। पुलिस आयुक्त ने कमिश्नरेट गठन के तीन वर्षों के दौरान अपराधों के आंकड़ों की समीक्षा की और वर्ष 2026 में अपराधों में उल्लेखनीय कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
पुलिस आयुक्त द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश
1. वाहन चोरी, लूट, छिनैती व महिला अपराधों पर सख्ती
पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि विगत वर्षों की तुलना में इन अपराधों में कमी लाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी अमल सुनिश्चित किया जाए।
2. हॉट स्पॉट क्षेत्रों में बढ़ी पुलिस तैनाती
अपराध संभावित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा हॉट स्पॉट्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
3. संगठित अपराधियों और गैंगस्टर्स पर कड़ी कार्रवाई
गैंगस्टर गिरोहों एवं आपराधिक नेटवर्क पर सख्त निगरानी रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर धाराओं में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
4. संपत्ति से जुड़े अपराधों पर नियंत्रण
संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे बढ़ाने, रात्रिकालीन गश्त को और सघन करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करने पर बल दिया गया।
5. महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महिला सुरक्षा के मद्देनज़र सार्वजनिक स्थानों, शिक्षण संस्थानों, बाज़ारों व कार्यस्थलों के आसपास पुलिस उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। महिला हेल्पलाइन नंबरों के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
6. यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश
ट्रैफिक प्लान को और प्रभावी बनाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
7. वादी संवाद दिवस का प्रभावी संचालन
प्रत्येक वादी संवाद दिवस में वादियों को बुलाकर उनकी शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से अवगत कराने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
8. सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी
अफवाह फैलाने वालों और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए।
फील्ड में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनता में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों को व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ नियमित रूप से फील्ड में रहकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









