
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना सिहानीगेट क्षेत्रान्तर्गत चौधरी छविलदास पब्लिक स्कूल, पटेल नगर में आज बुधवार को मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण तथा यातायात जागरूकता विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केशव कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध रहे। साथ ही उपासना पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधान, उपलब्ध सहायता तंत्र, हेल्पलाइन नंबर, त्वरित सहायता सेवाएं और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के प्रमुख उद्देश्यों—महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाना—पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। साथ ही कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर भी छात्रों को जागरूक किया गया। यातायात टीम ने हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। अंत में छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता और भाषण प्रस्तुति दी। अधिकारियों ने बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा समाज में सुरक्षा एवं जिम्मेदारी का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









