
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध केशव कुमार चौधरी द्वारा बुधवार को सर्किल नन्दग्राम के थाना सिहानी गेट एवं थाना नन्दग्राम में लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आदेश कक्ष का विवेचकवार आयोजन किया गया। इस दौरान एसीपी नन्दग्राम, थानाध्यक्ष सिहानी गेट व नन्दग्राम सहित सम्बन्धित विवेचक मौजूद रहे।
महिला संबंधी अपराधों पर विशेष निर्देश
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने मिशन शक्ति रजिस्टरों की समीक्षा करते हुए महिला संबंधी शिकायतों को शीघ्रतम निस्तारण करने तथा थाना प्रभारी द्वारा नियमित फीडबैक लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महिला उत्पीड़न रजिस्टर, विभिन्न अभिलेख, साइबर हेल्प डेस्क, CCTN कक्ष, मालखाना सहित सभी कार्यालयों की साफ-सफाई व रिकॉर्ड को अध्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए।
गंभीर अपराधों में कठोर कार्रवाई का आदेश
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने 6 माह से अधिक लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, सम्मन/वारंट की प्रभावी तामीली, तथा शातिर, अभ्यस्त, हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व जिलाबदर की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी एवं मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही एवं धारा 14(1) में संपत्ति जब्तीकरण करने के भी आदेश दिए गए।
राजस्व वादों को निपटाने पर भी जोर
राजस्व से जुड़े वादों को अनावश्यक लंबित न रखने और पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा वरासत, भूमि पैमाइश, बंटवारा, अन्य राजस्व वादों का प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
थाना रजिस्टरों व डोजियर की समीक्षा
थाना समाधान दिवस रजिस्टर, रजिस्टर-4, H.S. रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर आदि का अवलोकन कर सभी प्रविष्टियों को अद्यतन कराने के निर्देश दिए गए। 10 वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों (डकैती, लूट, स्नैचिंग, चोरी, नकबजनी, गोवध) में शामिल अपराधियों के डोजियर व आपराधिक इतिहास की समीक्षा कर सक्रिय अपराधियों पर निरोधात्मक धाराओं (BNSS) में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
सोशल मीडिया व अनुशासन पर भी दिशा-निर्देश
पुलिस कर्मियों को क्षेत्र में पूर्ण अनुशासन बनाए रखने, तथा जनता को सोशल मीडिया पर संवेदनशील या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट/शेयर न करने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध ने शासन की प्राथमिकताओं को दोहराते हुए सभी अधिकारियों को तेज, पारदर्शी और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









