

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। सोमवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध केशव कुमार चौधरी ने सर्किल लोनी के थाना ट्रोनिका सिटी एवं थाना लोनी का दौरा कर लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण हेतु आदेश कक्ष का विवेचकवार आयोजन किया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त लोनी, थाना प्रभारी लोनी व ट्रोनिका सिटी सहित संबंधित विवेचक उपस्थित रहे। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने थाना लोनी परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच की तथा आगामी त्योहारों को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, CCTN कक्ष व मालखाना का भी निरीक्षण किया गया। महिला उत्पीड़न रजिस्टर व अन्य अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि छह माह से अधिक लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, सम्मन/वारंट की तामीला और शातिर अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर, गुण्डा एक्ट, जिलाबदर की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर अपराधों जैसे हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी व मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट व संपत्ति जब्तीकरण (धारा 14(1)) की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि विवेचनाओं में गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन किया जाए और नए आपराधिक कानूनों के तहत साक्ष्यों को नियमानुसार सम्मिलित कर समय पर निस्तारण किया जाए। थाना प्रभारी लोनी को निर्देश दिए गए कि महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें, समय-समय पर फीडबैक प्राप्त करें और जन-शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। अंत में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध केशव कुमार चौधरी ने पुलिस कर्मियों को शासन की प्राथमिकताओं पर विशेष ध्यान देने तथा पूर्ण अनुशासन व जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य पालन के निर्देश दिए।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









