||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। मसूरी थानाक्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई हैं। तीन हमलावरों ने 34 वर्षीय युवक आसिफ की पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले आसिफ के मुंह में पिस्टल की नाल डालकर ट्रिगर दबाया, जिससे गोली सिर के आर-पार हो गई। इसके बाद दो और गोलियां दागकर हवाई फायरिंग करते हुए आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गए।
आसिफ को रोककर मुंह में मारी गोली
दरअसल, मिली जानकारी के अनुसार, डासना के मोहल्ला बड़ा बाजार निवासी आसिफ निर्माणाधीन मकानों के लेंटर का जाल बांधने का काम करता था। मंगलवार रात करीब 8 बजे वह स्कूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में सिकरोड़ा रेलवे फाटक के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया। वहीं, किसी बात पर दोनों की कहासुनी हो गई। तभी दो युवकों ने आसिफ को पकड़ लिया और तीसरे ने उसके मुंह में पिस्टल की नाल डालकर गोली चला दी। गोली सिर के आर-पार हो गई और आसिफ स्कूटी समेत नीचे गिर गया। इसके बाद हमलावरों ने दो ओर गोलियां मारीं।
हमलावरों ने की हवाई फायरिंग, लोग सहमे
गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची मसूरी थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आसिफ को डासना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर में मचा कोहराम
मौत की खबर सुनते ही आसिफ के घर में कोहराम मच गया। परिवारजन अस्पताल पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
ACP लिपी नगायच ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर रिहान समेत अन्य के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, DCP ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि कितनी गोलियां लगी हैं। जानकारी के अनुसार, अभी तक दो बुलेट के निशान मिले हैं। इसके अलावा, मामले में मृतक की दूसरी पत्नी पर भी संदेह जताया गया हैं। वहीं, पुलिस की टीमें जांच में लग गई हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









