||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना मोदीनगर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गमछा और डीजल से भरी पांच लीटर की कैन भी बरामद की हैं। मृतक की पहचान उमाशंकर उर्फ उदल के रूप में हुई हैं, जो काफी समय से लापता था।
घटना का खुलासा
आपको बता दें कि 20 मई 2025 को सीकरी कला निवासी दुष्यंत कुमार शर्मा ने थाना मोदीनगर में अपने भाई उमाशंकर उर्फ उदल (उम्र 39) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो दिन बाद दुष्यंत ने एक और प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या की गई हैं और शव को जलाने का प्रयास किया गया हैं। इस शिकायत पर मोदीनगर थाना में एफआईआर संख्या 290/2025 धारा 191(2)/103(1)/238 BNS के तहत केस दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी
एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय के अनुसार, जिसके शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम काजमपुर के जंगल से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा और डीजल की पांच लीटर कैन बरामद की गई। पुलिस को पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम नीरज सैनी (33 वर्ष), अजय उर्फ छिद्दा (29 वर्ष), पंकज सैनी (19 वर्ष), मनोज सैनी (22 वर्ष), और पांचवें ने गौरव सैनी उर्फ कालू (20 वर्ष) बताया हैं।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
एसीपी के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी और मृतक एक-दूसरे के परिचित थे और अक्सर मजदूरी व फलैक्सी का काम साथ करते थे। 27 अप्रैल को शराब के नशे में जंगल में विवाद हुआ, जिसमें गालियों और अपशब्दों से नाराज़ होकर पांचों ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर उमाशंकर की हत्या कर दी। दो दिन बाद शव को जलाने की भी कोशिश की गई ताकि सबूत मिटाया जा सके।
आपराधिक इतिहास
फिलहाल, आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से ही थाना मोदीनगर में एक आपराधिक मामला दर्ज हैं। बाकी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही हैं।
पुलिस टीम की सराहना
इस मामले के सफल खुलासे और गिरफ्तारी के लिए थाना मोदीनगर पुलिस टीम की सराहना की जा रही हैं। पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









