||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना मुरादनगर पुलिस ने लूट की घटना में शामिल एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया हैं। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, ऑटो रिक्शा और नकदी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से मेरठ की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी अपने साथियों के साथ नवीपुर बम्बा पेरिफेरल अंडरपास के पास किसी नई घटना की फिराक में आने वाला हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवीपुर बम्बा पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे अंडरपास के नीचे घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद एक ऑटो रिक्शा आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन ऑटो बम्बे के पास फंस गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करन पुत्र सूरजपाल (24 वर्ष) निवासी गली नंबर-18, फेज-10, शिव विहार, थाना करावल नगर, दिल्ली के रूप में हुई हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया हैं।
![]()
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
एसीपी मसूरी अजय कुमार के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों पुनित शर्मा, जतिन मित्तल और अनुराग गुप्ता के साथ मिलकर कुछ दिन पहले मेरठ मोड़ से एक व्यक्ति को ऑटो में बैठाकर उसके दो मोबाइल फोन और 5,600 रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद पीड़ित को दुहाई पेरिफेरल के आगे सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया था। आरोपी ने बताया कि लूट की रकम आपस में बांट ली गई थी। एक मोबाइल फोन उसके साथी पुनित शर्मा के पास हैं, जबकि दूसरा फोन उसके कब्जे से बरामद हुआ हैं। पुलिस ने यह भी बरामद किया हैं कि लूट की घटना में इस्तेमाल किया गया वही ऑटो रिक्शा भी आरोपी के पास था। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही हैं तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








