
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर
||TC24N|| फईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी द्वारा थाना कौशांबी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था, चल रहे नवनिर्माण कार्यों तथा मिशन शक्ति केंद्र से संबंधित अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा एवं महिलाओं की समस्याओं के संबंध में अब तक की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने महिलाओं की सुरक्षा हेतु अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइबर हेल्पडेस्क का निरीक्षण करते हुए जनसामान्य के साथ हुई साइबर फ्रॉड की घटनाओं पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव हेतु जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर बल देते हुए निर्देश दिए कि ऐसे कार्यक्रमों की तिथि पूर्व में निर्धारित कर सभी संबंधितों को समय से अवगत कराया जाए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव एवं मालखाने में रखे मालों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने तथा उनके नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही, थाने के घाने में दाखिल वाहनों के शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी मॉनिटरिंग, शिकायत निस्तारण प्रणाली तथा थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय थाना प्रभारी सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त द्वारा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, रात्रि गश्त एवं बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया। अंत में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









