Search
Close this search box.

पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


||TC24N|| फईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। शुक्रवार को रिज़र्व पुलिस लाइन्स स्थित ऑफिसर्स लाउंज में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता असीम अरुण, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जे. रविन्दर गौड, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा की गई।

इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों की समस्याओं को सुनना, उनके दीर्घकालीन अनुभवों से लाभ उठाना तथा उनके सुझावों के आधार पर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना था। गोष्ठी के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों द्वारा विशेष रूप से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को उठाया गया, जिसमें चिकित्सा बिलों के शीघ्र भुगतान की मांग प्रमुख रही। साथ ही, उन्होंने अपराध नियंत्रण एवं सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, जिससे भविष्य की पुलिस रणनीतियों को सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।

राज्य मंत्री एवं पुलिस आयुक्त ने इन विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार की पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। चिकित्सा बिलों की भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाए जाने का भरोसा दिलाया गया। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्य सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।

गोष्ठी के दौरान राज्य मंत्री द्वारा “Active Aging” की अवधारणा पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों से सक्रिय जीवनशैली अपनाने एवं पुलिस विभाग के साथ निरंतर जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि अपने अनुभव साझा करने और समाज की सुरक्षा में योगदान देने का एक नया अवसर है। सेवानिवृत्त अधिकारी सामुदायिक पुलिसिंग एवं अपराध रोकथाम से जुड़ी रणनीतियों में मार्गदर्शन देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

राज्य मंत्री ने कहा कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी सभी अधिकारी पुलिस विभाग के अभिन्न अंग हैं। विभाग की मजबूती उनके अनुभवों और सुझावों पर निर्भर करती हैं। वर्षों की सेवा से अर्जित ज्ञान पुलिस की कार्यक्षमता को और सशक्त बनाएगा।

इस गोष्ठी में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में निवास कर रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के 100 से अधिक सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में केशव कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध), धवल जायसवाल, पुलिस उपायुक्त नगर एवं निमिष पाटिल, पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन भी उपस्थित रहे।

यह आयोजन पुलिस परिवार के सदस्यों के कल्याण, सम्मान एवं उनके सतत योगदान को मान्यता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं, जो पुलिस विभाग की एकता, संवेदनशीलता एवं कल्याणकारी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!