
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के पुलिस आयुक्त के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत, शनिवार को अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात द्वारा गाज़ियाबाद शहर और देहात के विभिन्न हाईवे, एक्सप्रेस-वे और अन्य महत्वपूर्ण यातायात स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत प्रदान करने हेतु विशेष सामग्री वितरित की गई। इस अभियान के तहत 100 टेम्प्रेचर कंट्रोल डिवाइस (एसी हेलमेट), छाते, पानी की बोतलें और सेफ्टी गॉगल्स का वितरण किया गया। वितरण का उद्देश्य यह हैं कि भीषण गर्मी में भी यातायात कर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रख सकें। वेदांता, मॉडल टाउन सेक्टर-62, गौर ग्रीन, मीडिया हाउस, भोजपुर, हापुड़ चुंगी, अजनारा कट, राजनगर एक्सटेंशन, लाल कुआं, मोहननगर जैसे प्रमुख स्थानों पर तैनात कर्मियों को यह सामग्री दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने यातायात कर्मियों को मनोयोगपूर्वक ड्यूटी करने और आमजन से शिष्ट व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही, वर्तमान में चल रहे विशेष अभियान के तहत निम्नलिखित नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए: ऑटो व ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारी बैठाना और अगली सीट पर सवारी बैठाना, दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट के चलना, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाना, चारपहिया वाहन में बिना सीट बेल्ट यात्रा करना, नशे की हालत में वाहन चलाना। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात सहित संबंधित जोन के यातायात निरीक्षक भी उपस्थित रहे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









