
छिना गया मोबाइल, चोरी की बाइक, अवैध असलहा और नगदी बरामद
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना विजयनगर पुलिस टीम ने अपराध पर लगाम कसते हुए मंगलवार रात को चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए माधौपुरा कट से आर्मी ग्राउंड की ओर कच्चे रास्ते में भागने की कोशिश की। पीछा करने पर दोनों बदमाश एक पीपल के पेड़ के पास बाइक से गिर गए।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश अमन उर्फ सुमित बाल्मिकी घायल हो गया, जिसे मौके से अवैध तमंचा, एक मोबाइल, ₹4000 नकद और चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। घायल को इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे:
एसीपी कोतवाली नगर रितेश त्रिपाठी के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश ने बताया कि वह अपने साथी अभय उर्फ पोपई के साथ एनसीआर क्षेत्र में बाइक चोरी कर, उसका इस्तेमाल लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने में करता था। उन्होंने हाल ही में आर्मी ग्राउंड इलाके में एक व्यक्ति से मोबाइल छीना था और पिछले महीने कविनगर क्षेत्र में एक महिला की चैन भी छिनी थी। बरामद बाइक लोनी बॉर्डर से चोरी की गई थी।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास:
एसीपी के मुताबिक, अमन उर्फ सुमित पर अब तक 6 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं, साथ ही एक मुकदमा आरपीएफ गाज़ियाबाद से भी जुड़ा हैं। वहीं, पुलिस को पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल (Splendor Plus, DL14SS5717), एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक ज़िंदा और एक खोखा कारतूस, एक Oppo कंपनी का ब्लैक मोबाइल और ₹4000 नगद भी बरामद हुए हैं। इस सफलता में विजयनगर थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। इसके अलावा पुलिस द्वारा साथी बदमाश की तलाश जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









